सूने घर से सोने चांदी के आभूषण सहित नकदी ले उड़े चोर, जांच में जुटी पुलिस
शाजापुर। सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण और नकदी ले उड़े। जानकारी के अनुसार हाट मैदान निवासी रामकन्या नाहर (40) आशीर्वाद अस्पताल में सफाई का काम करती हैं। शनिवार सुबह वह पति के साथ काम पर चली गई थी। बेटा मोहित नाहर दोपहर करीब 12.30 बजे ट्रक लेकर घर से निकल गया। इस दौरान मकान पर ताला लगा था और घर में कोई नहीं था। शाम को महिला काम से घर लौटीं। बाहरी गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। गोदरेज अलमारी के दोनों लॉक भी टूटे हुए थे और कमरे में सामान व कपड़े बिखरे पड़े थे। जांच करने पर अलमारी से सोने की एक जोड़ी झुमकी, चांदी का कमरबंद (करधोना) और 21 हजार रुपए नकद गायब मिले। घर में रखा भारत गैस का खाली सिलेंडर भी चोरी हो गया। महिला के मुताबिक, चोर मकान में ऊपर से घुसे और वारदात के बाद फरार हो गए। पति और बेटे को फोन पर जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। बाद में रामकन्या ने थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।