केबिन में फंसे ड्राइवर को मशक्कत के बाद निकाला, क्लीनर के साथ इंदौर रेफर
फोटो-06एसजेआर01- अस्पताल में उपचाररत घायल।
शाजापुर। बायपास स्थित टुकराना जोड़ के पास गुना से इंदौर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर में जा घुसी। इस हादसे में बस में सवार करीब 32 यात्री घायल हो गए। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर इंदौर रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद मच गई चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक पाटीदार ट्रैवल्स की स्लीपर बस रविवार रात के समय तेज रफ्तार में इंदौर की ओर जा रही थी। अचानक बस से नियंत्रण छूटा और वह टुकराना जोड़ के समीप डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और नींद में सो रहे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद बस का ड्राइवर बुरी तरह केबिन में ही फंस गया था।घटना की सूचना मिलते ही लालघाटी और सुनेरा थाना पुलिस की डायल-112 टीमें और हाईवे-1033 की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव दल ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला।
क्लीनर भी खून से लथपथ मिला,अस्पताल में भर्ती कराए गए 32 घायल
सभी घायलों को रात में ही शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि देर रात होने के कारण ड्राइवर को झपकी आई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में विमलाबाई (50), सपना (22), ज्योति (19), मोनिका (18), रेखा (35), गोमती (32), अंजली (23), बबली (28), काव्या (25), भाग्यश्री और अंबिका, आनंदलाल (30), कैलाश (34), जितेंद्र (34), विशाल शर्मा (29), भगवान सिंह कुशवाह (24), देवा (29), राकेश (38), दिनेश (35), परमानंद (34), रितेश (25), नितेश गौड़ (26), नितेश (20), ग्यारसीलाल (26), उमेश सेन, बजेश (40), उदित (22) और पवन सेन (24)।
बच्चे व किशोर: रोहित (14), भावेश (17) और शौर्य (9) आदि घायल हो गए। घटना में गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया गया जिन्हें ईएमटी प्रेम नारायण प्रजापति पायलट शिवनारायण ने इंदौर पहुंचाया।