फसल बीमा न मिलने से भड़के किसान, बीमा कंपनी की निकाली शव यात्रा, 15 सितंबर को उग्र चक्का जाम की चेतावनी
शाजापुर। पिछले 15 महीनों से अपने हक की बीमा राशि का इंतजार कर रहे और वर्तमान सोयाबीन फसल की बर्बादी झेल रहे किसानों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों का भारी आक्रोश सड़कों पर उतर आया। किसानों ने प्रशासन और बीमा कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए न केवल जमकर नारेबाजी की, बल्कि बीमा कंपनी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर उसका पुतला दहन भी किया। संघ ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी लंबित बीमा दावा राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो आगामी 15 सितंबर को जिले भर में उग्र चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
टंकी चौराहे से उठी अर्थी, गूंजे मुर्दाबाद के नारे
भारतीय किसान संघ तहसील शाजापुर के तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन की शुरुआत स्थानीय टंकी चौराहे से हुई। यहां बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। बीमा कंपनी चोर है, बीमा कंपनी भ्रष्ट है और बीमा कंपनी मुर्दाबाद के नारों के बीच किसानों ने बीमा कंपनी की अर्थी उठाई। यह शव यात्रा शहर से होते हुए बस स्टैंड पहुंची, जहां किसानों ने अर्थी को रोककर सरकार और बीमा कंपनी की किसान विरोधी नीतियों का कड़ा विरोध दर्ज कराया। भारी आक्रोश के बीच किसानों ने बीमा रूपी अर्थी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया और फिर अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया।
145 गांव बीमे से वंचित, सोयाबीन में भी पीला मोजेक की मार
प्रदर्शन के दौरान किसान संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ खुलेआम छलावा किया जा रहा है। पिछले वर्ष खरीफ 2025 में किसानों ने अपनी गाढ़ी कमाई से हजारों रुपए बीमा प्रीमियम के तौर पर जमा किए थे। आज 15 महीने बीत जाने के बाद भी जिले के 145 गांव पूरी तरह से बीमा राशि से वंचित हैं, जबकि मात्र 16 गांवों में नाममात्र का बीमा दिया गया है। इसके अलावा रबी 2025 की बीमा दावा राशि भी अब तक नहीं मिली है। वर्तमान हालात भी किसानों के लिए बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल पीला मोजेक वायरस और अफलन फल न आना जैसी गंभीर समस्याओं की चपेट में आकर बर्बाद हो रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सैकड़ों किसानों की रही मौजूदगी
इस उग्र प्रदर्शन में भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री मुकेश पाटीदार, कोषाध्यक्ष ललित नागर, जिला प्रचार प्रमुख भारत नाहर, जिला सदस्य अनिल पाटीदार, तहसील अध्यक्ष सत्यनारायण पाटीदार, तहसील मंत्री ज्ञानसिंह गुर्जर, तहसील उपाध्यक्ष विक्रम सिंह गुर्जर, गजराजसिंह राजपूत, हिम्मतसिंह राजपूत, जितेंद्र पाटीदार, दिलीप प्रजापत, दिनेश मंडलोई, धनसिया सिरोलिया, मोहन आचार्य, दयाराम मूली खेड़ा, हिंदू सिंह पटेल, लाखन सिंह गुर्जर, प्रवीण मंडलोई सहित सैकड़ों की संख्या में पीडि़त किसान शामिल हुए। उक्त जानकारी तहसील मीडिया प्रभारी राजेश मंडलोई ने दी।