शाजापुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर इन दिनों शाजापुर शहर पूरी तरह से गरबे और भक्ति के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख गरबा पंडालों में हर शाम आस्था, उत्साह और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां जगदंबे की भव्य महाआरती के साथ शुरू होने वाले इस गरबा महोत्सव में युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक का भारी उत्साह देखा जा रहा है। देर रात तक शहर के विभिन्न गरबा ग्राउंड्स पर पारंपरिक परिधानों की खूबसूरत छटा बिखरी रही। रंग-बिरंगे घाघरा-चोली, केडियू और आकर्षक पारंपरिक आभूषणों में सजी महिलाएं युवतियां जब ढोल की तेज थाप और गुजराती गीतों पर थिरकीं, तो पूरा माहौल ऊर्जामय हो गया। इस बार भी गरबे में एक खास आकर्षण देखने को मिला जिसके तहत महिलाओं ने कहीं हाथों में सजी हुई छतरियां लेकर तो कहीं प्रज्वलित दीपक थामकर शानदार गरबा किया।