देशभक्ति के नारों से गूंज उठा शाजापुर नगर
जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ
शाजापुर, स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आज शाजापुर जिला मुख्यालय पर ऐतिहासिक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में देशप्रेम की भावना के साथ विद्यार्थी सहित जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, मातृ शक्ति, शासकीय सेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और नागरिकों का विशाल जनसैलाब उमड़ा। सभी जन हाथ में तिरंगा थामें देशभक्ति के नारों के साथ शामिल हुए, देशभक्ति के नारों से शाजापुर नगर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दुपाड़ा रोड़ से क्षेत्रीय विधायक श्री अरूण भीमावद, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने किया। तिरंगा यात्रा के शुभारंभ पर विधायक श्री भीमावद ने सभी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल होने आए विद्यार्थीगणों, युवाओं, बुजुर्गों, आमजनों, शासकीय सेवको, सामाजिक संगठनो को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
तिरंगा यात्रा दुपाड़ा रोड़ से प्रारंभ होकर ट्रेफिक पाईंट, बस स्टेण्ड, नई सड़क, आजाद चौक, छोटा चौक, सोमवारिया, मगरिया, बस स्टेण्ड होते हुए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के ग्राउण्ड में समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा मार्ग पर विभिन्न संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान विधायक श्री भीमावद, कलेक्टर सुश्री बाफना, पुलिस अधीक्षक श्रीमती शुक्ला ने देशभक्तिपूर्ण ओजस्वी नारे भी लगाए।
यह तिरंगा यात्रा लगभग 07 किलोमीटर से अधिक लंबी थी, जिसमें लगभग 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। रैली में श्रीमती मुस्कान भावसार रानी लक्ष्मीबाई के परिधान में घोड़े पर सवार होकर व भाग्यश्री भारत माता के परिधान में रैली के आगे चल रही थी, साथ ही तिरंगा यात्रा में बैंड आकर्षण का केन्द्र बने।
तिरंगा यात्रा के समापन पर कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष नागर ने किया और में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान गाया। सभी उपस्थित जनों ने उत्कृष्ट विद्यालय विद्यालय में बने सेल्पी पाईंट पर हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत सेल्फी भी ली।
तिरंगा यात्रा में नगरपालिका उपाध्यक्ष अध्यक्ष श्री संतोष जोशी, जिला पंचायत सीईओ व तिरंगा यात्रा नोडल अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, प्रभारी अपर कलेक्टर श्री आलोक वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी गुलाना सुश्री नेहा गंगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय, होमगार्ड कमाण्डेन्ड श्री विक्रमसिंह मालवीय, जिला कोषालय अधिकारी श्रीमती रीना शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
