शाजापुर। जिले के मक्सी बायपास पर तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवाओं की जान चली गई। नेशनल हाईवे-52 पर कनासिया ब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी। मृतक इंदौर से अपने दोस्तों के साथ नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले के आष्टा (नवगांव) निवासी 20 वर्षीय कार्तिक पिता धीरज सिंह और होशंगाबाद के मिसरोद निवासी 18 वर्षीय साक्षी पिता संदीप अपने दो अन्य दोस्तों के साथ इंदौर से नलखेड़ा के लिए निकले थे। चारों दोस्त दो अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। रविवार सुबह करीब 6 बजे कनासिया नाका पार करने के बाद कार्तिक और साक्षी की बाइक सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके ठीक पीछे दूसरी बाइक पर आ रहे यश राज ठाकुर (20) और मुस्कान ठाकुर (19) की आंखों के सामने यह हादसा हुआ।
एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पीछे आ रहे दोस्तों ने तुरंत मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट अनिल परमार मौके पर पहुंचे और घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अरुण पाटीदार ने परीक्षण के बाद कार्तिक और साक्षी को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से मेमो मिलने के बाद कोतवाली थाने से पुलिस स्टाफ (C161) राहुल मालवीय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को हादसे की सूचना दी। मामले में मर्ग कायम किया गया है।