शाजापुर। शासकीय बीकेएसएन स्नातकोत्तर महाविद्यालय शाजापुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा मोबाइल एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मीनू गिडवानी ने की। कार्यक्रम संयोजक डॉ प्रवीण कुमार सोनी ने बताया कि इस समसामयिक अनिवार्यता वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रधान आरक्षक जसवंत जाटव एवं आरक्षक रितिक दुबे मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। विशेषज्ञों ने बताया कि मोबाइल फोन हैक होने की आशंका की पहचान कैसे की जा सकती है तथा मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय है या नहीं, इसकी जांच और उसे बंद करने के तरीके क्या हैं ? साथ ही मोबाइल को अनधिकृत पहुंच एवं साइबर हमलों से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। सत्र में ऑनलाइन एवं वित्तीय सुरक्षा, बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, संदिग्ध लिंक एवं मैसेज से बचाव, मैलिशियस ऐप्स, अनजान स्रोतों से प्राप्त। फाइलों एवं ऐप्स को इंस्टॉल करने के खतरे तथा उनसे होने वाली संभावित धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त व्हाट्सऐप की सुरक्षा एवं प्राइवेसी सेटिंग्स तथा अकाउंट को सुरक्षित रखने के विभिन्न उपायों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की डॉ. आर.सी. चौहान, डॉ. दिनेश निगवाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।