शाजापुर। शासकीय लॉ कॉलेज में एलएलबी की फीस वृद्धि को लेकर भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे पर जाम कर दिया। एसटी, एससी वर्ग के छात्रों के लिए अचानक फीस 2,313 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दी गई। इस फीस बढ़ोतरी के विरोध में भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने मंगलवार को नेशनल हाईवे 52 पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। छात्रों के विरोध को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन और विक्रम यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने कहा है कि जब तक इस मामले में कोई नया और अंतिम फैसला नहीं हो जाता, तब तक छात्र बढ़ी हुई फीस न भरें। अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि फीस वृद्धि के इस फैसले पर दोबारा विचार किया जाएगा, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।