शाजापुर। आस्था जब संकल्प का रूप ले लेती है, तो कोई भी रास्ता मुश्किल नहीं लगता। इसी अटूट श्रद्धा की मिसाल पेश करते हुए इंदौर के कम्पेल गांव के 9 युवाओं का जत्था साइकिल से गिरिराज जी धाम मथुरा-वृंदावन की पवित्र यात्रा पर निकल पड़ा है। बुधवार को अपने सफर के दूसरे दिन जब यह यात्रा शाजापुर पहुंची, तो शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ इनका जोरदार स्वागत किया। कम्पेल गांव के प्राचीन और प्रसिद्ध दस भुजाधारी श्री गोवर्धननाथ जी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद इन युवाओं ने अपने सफर की शुरुआत की थी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गोवर्धननाथ जी और गिरिराज महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था और समर्पण को व्यक्त करना है। यात्रियों ने बताया कि वे प्रतिदिन एक तय दूरी को साइकिल से पूरा कर रहे हैं और लगभग सात दिनों का सफर तय करके उनका यह जत्था मथुरा-वृंदावन पहुंचेगा। शाजापुर आगमन पर जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने उन पर फूलों की बारिश की और जलपान कराकर उनका उत्साहवर्धन किया। गोवर्धननाथ जी की कृपा और गिरिराज जी के प्रति अटूट श्रद्धा का संदेश देती हुई यह साइकिल यात्रा अब अपनी मंजिल की ओर आगे बढ़ चली है।