शाजापुर। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता यूसीसी लागू करने की सुगबुगाहट के बीच एआईएमआईएम ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूसीसी के विरोध में निकाली जा रही पार्टी की 15 दिवसीय पदयात्रा सोमवार को अपने आठवें दिन शाजापुर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मोहन यादव सरकार से यूसीसी लागू करने की घोषणा को तुरंत वापस लेने की मांग की गई। पदयात्रा के शहर में प्रवेश करते ही स्थानीय सियासी पारा अचानक चढ़ गया।
संविधान के मूल ढांचे पर प्रहार-मोहसिन अली खान
प्रदर्शन के दौरान एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने कहा, हमने मोहन सरकार से इस कानून को वापस लेने की पुरजोर अपील की है। समान नागरिक संहिता संविधान के अनुच्छेद 25, 26 और 29 का सीधा उल्लंघन करती है। यह देश के हर नागरिक को अपने धर्म के पालन की जो स्वतंत्रता मिली है, उसका हनन है और संविधान के मूल ढांचे पर सीधा हमला है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस दिशा में कदम वापस नहीं लिए, तो उनका यह लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर शाजापुर शहर प्रभारी सैयद अफसर अली, आरिफ पठान, रियाज खान कालापीपल, एडवोकेट जुनैदुल्लाह जबलपुर, इमरान हुसैन बुरहानपुर, शाजापुर प्रभारी शहजाद कुरैशी, रिजवान, सिकंदर खान, जहीर खान, फरहान शाह, सोनू लाला, मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।