आज दिनांक 09 जून 2025 को पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज द्वारा जिला शाजापुर पुलिस लाइन में वार्षिक परेड निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परेड की सलामी ली गई एवं बलवा परेड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इसके साथ ही सैनिक सम्मेलन आयोजित कर अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया एवं उनकी उचित निराकरण हेतु दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत सिंहस्थ ड्यूटी 2028 हेतु आयोजित 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। प्रशिक्षण में सम्मिलित पुलिस बल की तैयारियों, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नवनिर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने हेतु निर्देशित किया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा ब्लैक स्पॉट पॉइंट पनवाड़ी का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों से “राहगीर योजना” एवं “पीएम राहत योजना” के संबंध में चर्चा कर योजना के लाभ एवं उद्देश्य की जानकारी दी गई।
तत्पश्चात थाना कोतवाली शाजापुर का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था की स्थिति एवं आगामी त्यौहार मोहर्रम को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
