अब सरकारी स्कूलों में एआई टूल्स से पढ़ाई बनेगी रोचक, सरल और गुणवत्तापूर्ण
। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने और शिक्षण पद्धति में आधुनिक तकनीक का समावेश करने के उद्देश्य से कक्षा 9 से 12वीं तक के 116 शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रशिक्षण दिया गया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट)शाजापुर में आयोजित किया गया, जिसका संचालन नोएडा स्थित निजी संस्था ‘इक्विप’ द्वारा किया गया।
शिक्षकों को सिखाए गए आधुनिक एआई टूल्स
प्रशिक्षण के दौरान संस्था के मास्टर ट्रेनर कुलदीप लोधी ने शिक्षकों को ChatGPT, Gmail AI NoteM, Copilot जैसे उन्नत एआई टूल्स के प्रयोग की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन टूल्स की मदद से शिक्षक कठिन विषयों को सरल और रुचिकर तरीके से समझा सकते हैं, प्रोजेक्ट कार्यों को आसानी से तैयार करवा सकते हैं, तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।
“एआई टूल्स के माध्यम से शिक्षक न केवल गणित जैसे कठिन विषयों को सरल बना सकते हैं, बल्कि चित्र, वीडियो और प्रेजेंटेशन तैयार कर पढ़ाई को और प्रभावी बना सकते हैं।”
— कुलदीप लोधी, मास्टर ट्रेनर, इक्विप संस्था
नई तकनीक से विद्यार्थियों को जोड़ेगा एआई प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि एआई की सहायता से शिक्षक चार्ट, डायग्राम और विज़ुअल सामग्री स्वयं तैयार कर सकते हैं। इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और वे आधुनिक तकनीकी ज्ञान से भी परिचित होंगे।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने कहा कि अब तक वे पारंपरिक तरीकों से पढ़ाते थे, लेकिन एआई की मदद से पढ़ाई अब अधिक रोचक, संवादात्मक और प्रभावशाली बनेगी।
अधिकारियों ने सराहा प्रयास
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे ने कहा —
“बच्चों को नई तकनीकी से जोड़ने और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में Ai का सही उपयोग शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। आने वाले समय में जिले के अन्य शिक्षकों को भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा।”
सहायक संचालक श्री राजेंद्र शिप्रे ने भी इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
डाइट अधिकारियों की सक्रिय भूमिका
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डाइट प्राचार्य प्रभारी श्रीमती अनीता श्रीवास्तव ने कहा —
“यह प्रशिक्षण बच्चों के ज्ञान और कौशल विकास में मुख्य भूमिका निभा सकता है। एआई का प्रयोग शिक्षण में रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देगा।”
इस अवसर पर डाइट प्रशिक्षण प्रभारी श्री अशोक कारपेंटर, वरिष्ठ व्याख्याता श्री मुरलीधर शर्मा वरिष्ठ व्याख्याता, श्री महेश कुमार भैसानिया व्याख्याता, श्री बनवारीलाल बैरागी, श्री दीपक शर्मा, जिला समन्वयक कपिल शर्मा तथा जिला सहायक समन्वयक प्रदीप दहेलिया सहित अन्य अधिकारी एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।
