शाजापुर। व्यापारिक लेन-देन में एक बड़ी धोखाधड़ी का कथित मामला सामने आया है। शहर के एक व्यापारी ने एक ट्रांसपोर्टर पर आरोप लगाया है कि उसने सुरक्षित डिलीवरी का सौदा करने के बावजूद साढ़े पांच लाख रुपये की मूंगफली रास्ते से ही गायब कर दी है। पीडि़त का कहना है कि हफ्तों बीत जाने के बाद भी जब माल नहीं मिला और स्थानीय थाने ने रिपोर्ट दर्ज करने से पल्ला झाड़ लिया, तो उन्हें न्याय की उम्मीद में शाजापुर पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
शाजापुर शहर के महूपुरा निवासी व्यापारी सोहेल खान पिता सरदार खान ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्होंने राजकोट से मूंगफली मंगवाने के लिए एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से सौदा किया था। यह बुकिंग एचपी पेट्रोल पंप बायपास रोड न्यू जनता रोड लाईंस मालिक शोएब के माध्यम से की गई थी। सोहेल का आरोप है कि ट्रांसपोर्टर को राजकोट से मूंगफली के 254 कट्टे लाने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5,45,000 रूपये है। माल ढुलाई का कुल भाड़ा 34,000 तय हुआ था। इसमें से 10,000 का भुगतान व्यापारी द्वारा एडवांस में कर दिया गया था। व्यापारी का आरोप है कि 21 अगस्त 2026 को राजकोट में ट्रांसपोर्टर को माल सुपुर्द किया गया था, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी माल शाजापुर नहीं पहुंचा है और ट्रांसपोर्टर द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही है।
थाने ने किया इंकार, अब एसपी से शिकायत
पीडि़त सोहेल खान का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर स्थानीय कोतवाली थाने पहुंचे, तो पुलिस ने यह कहकर रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया कि यह उनके अधिकार क्षेत्र का मामला नहीं है। वहीं व्यापारी का तर्क है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी का कार्यालय शाजापुर में है, बुकिंग यहीं से हुई थी और एडवांस राशि भी शाजापुर में ही दी गई थी, इसलिए कानूनी तौर पर घटना स्थल शाजापुर ही बनता है। थाने से बैरंग लौटने के बाद अब पीडि़त ने एसपी कार्यालय में अपना आवेदन और ट्रांसपोर्ट बिल्टी (रसीद) सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और अपना माल वापस दिलाने की गुहार लगाई है।