शाजापुर। हिंदी दिवस पर मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित तथा साहित्य अकादमी एवं मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, भोपाल के संयोजन में ए.बी. रोड स्थित निजी होटल में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्य और कविता को समर्पित इस आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातनाम कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को कविता के विविध रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने दीप प्रज्वलित कर किया। कवि सम्मेलन में काव्य पाठ का क्रम शाजापुर के जितेंद्र देवतवाल ‘ज्वलंत’ से प्रारंभ हुआ। उन्होंने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से श्रोताओं को साहित्य और संवेदनाओं से जोड़ा। इसके पश्चात अवनीश पाठक ‘सूर्य’ ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी। उनके बाद वरिष्ठ कवि नरेंद्र नखेतरी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। काव्य पाठ के अगले क्रम में देश की चर्चित कवयित्री मनु वैशाली ने अपनी विशिष्ट शैली में काव्य पाठ कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। इसके बाद अमन जादौन ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। इति शिवहरे ने भी अपनी कविताओं से श्रोताओं को प्रभावित किया। वहीं पंकज दीक्षित ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से आयोजन को आगे बढ़ाया और अंत में पंकज पलाश ने अपनी रचनाओं के साथ कवि सम्मेलन का समापन किया। कवियों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंजता रहा। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कवि सम्मेलन ने साहित्य, कविता और संस्कृति के प्रति शाजापुर की जीवंत रुचि को भी सामने रखा। आयोजन में वरिष्ठ साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों, साहित्यप्रेमियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।