डाक साख संस्था का 39वां अधिवेशन संपन्न, सदस्यों के निधन पर मिलेगी 50 हजार की मदद, होनहार बच्चे भी होंगे पुरस्कृत
शाजापुर। डाक कर्मचारी सहकारी साख संस्था मर्यादित ने अपने सदस्यों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब यदि संस्था के किसी भी सदस्य का असामयिक निधन होता है, तो शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने के लिए संस्था की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही, कर्मचारियों के मेधावी बच्चों का भी संस्था द्वारा विशेष सम्मान किया जाएगा। ये महत्वपूर्ण फैसले रविवार को हरायपुरा स्थित नगर धर्मशाला में आयोजित संस्था के 39वें वार्षिक अधिवेशन में सर्वसम्मति से पारित किए गए। संस्था अध्यक्ष हरिनारायण नागर की अध्यक्षता में आयोजित इस महाधिवेशन का शुभारंभ सभी कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। वार्षिक आमसभा में आगामी वर्ष की नीतियां तय करते हुए शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। सभा में यह निर्णय लिया गया कि संस्था के जिन सदस्यों के पुत्र या पुत्री बोर्ड परीक्षा अथवा स्नातक (ग्रेजुएशन) में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था उन्हें पुरस्कृत करेगी। अधिवेशन के दौरान संस्था से सेवानिवृत्त हुए सदस्यों के लिए एक भावभीना विदाई और सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। संस्था अध्यक्ष हरिनारायण नागर, उपाध्यक्ष अंबाराम चौहान, के.के. शर्मा, अशोक कुमार भिलाला, लखन सिंह राठौड़, संजय शर्मा और गिरिराज पाटीदार सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने सेवानिवृत्त साथियों को शाल, श्रीफल एवं मां राजराजेश्वरी की तस्वीर भेंट कर उनके स्वस्थ व सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में आए पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन के.के. शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जबकि अधिवेशन का संचालन संस्था के प्रबंधक मनीष भाटी ने किया। आयोजन के अंत में अध्यक्ष हरिनारायण नागर ने उपस्थित सभी सदस्यों व अतिथियों का आभार माना।