गुरु पूर्णिमा के निमित्त साहित्य संगोष्ठी एवं पुस्तक विमोचन सम्पन्न।
शाजापुर। अखिल भारतीय साहित्य परिषद, शाजापुर द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पेंशनर्स कार्यालय, शाजापुर में साहित्य संगोष्ठी एवं वरिष्ठ साहित्यकार, परिषद के संरक्षक डॉ. दुर्गाप्रसाद झाला की नवीनतम काव्य-कृति “डॉ. दुर्गाप्रसाद झाला : प्रतिनिधि कविताएँ” का गरिमामय विमोचन सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीशजी भावसार रहे।
अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र देवतवाल ‘ज्वलंत’ ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री योगेश उपाध्याय, श्री अवधेशकुमार शेषा, सज्जाद अहमद कुरैशी, राजेन्द्र रिणवा सहित अनेक साहित्यकार, बुद्धिजीवी एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।साहित्य संगोष्ठी में वक्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय सांस्कृतिक चेतना तथा साहित्य की सामाजिक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने डॉ. दुर्गाप्रसाद झाला की काव्य-साधना की सराहना करते हुए उनकी नवीन कृति को समकालीन हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अंत में डॉ. दुर्गाप्रसाद झाला ने सभी अतिथियों एवं साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य मानवता, संस्कृति और जीवन-मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम का समापन गुरु-वंदना, पुस्तक विमोचन एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
