शाजापुर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड शाजापुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर रविवार को व्याख्यानमाला एवं स्वदेशी जागरण संगोष्ठी का आयोजन पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन (बीकेएसएन) कॉलेज परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष आशीष नगर, जिला उपाध्यक्ष शीतल भावसार, नगर मंडल महामंत्री गोविंद नायक, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शिवहरे, जन अभियान परिषद के बसंत जी एवं स्वदेशी जागरण से जुड़े राहुल विश्वकर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री संजय शिवहरे ने जीएसटी और स्वदेशी के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठन है, जो देश की सेवा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रहा है।
जिला उपाध्यक्ष शीतल भावसार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। वहीं मंडल अध्यक्ष आशीष नगर ने स्वदेशी भावना और सेवा भाव को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन बेरछ मंडल महामंत्री दिलीप चौधरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जन अभियान परिषद के सहयोगी ने किया।
इसी अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा बीकेएसएन कॉलेज में बीएसडब्ल्यू (BSW) और एमएसडब्ल्यू (MSW) की कक्षाओं का शुभारंभ भी किया गया। परिषद के अनुसार, ये कक्षाएं प्रत्येक रविवार को आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शिवहरे द्वारा दी गई।
