शाजापुर, भारतीय जनता पार्टी, जिला शाजापुर द्वारा आज स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, टंकी चौराहा पर “आत्मनिर्भर भारत एवं नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म” विषय पर एक विचारपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंदौर के लोकप्रिय महापौर श्री पुष्पमित्र भार्गव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे, शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावत, एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रेम जैन विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पुष्पमित्र भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता की ओर बढ़ता हुआ ठोस कदम है।
महापौर ने नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सरकार द्वारा लाए जा रहे संरचनात्मक सुधारों से न केवल व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सस्ती दरों पर वस्तुएं उपलब्ध होंगी। जीएसटी दरों में पारदर्शिता और सरलीकरण से व्यापार में सुगमता आएगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आज का युग स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का है। हमें अपने आसपास के दुकानदारों, व्यापारियों और उत्पादकों को समर्थन देकर लोकल फॉर वोकल अभियान को सफल बनाना चाहिए। अमेरिका जैसे देशों द्वारा टैरिफ नीतियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर बनने के लिए अपने देश के उत्पादों और व्यापार को बढ़ावा देना आवश्यक है।
इस अवसर पर शाजापुर, मक्सी, सुजालपुर, अकोदिया, पनवाड़ी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने संवाद में सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, नगर के गणमान्यजन, जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी श्री संजय शिवहरे ने सभी मीडिया साथियों का आभार व्यक्त किया और पत्रकार वार्ता को सफल बनाने हेतु सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
