– विवेकानंद स्मृति सेवा न्यास शाजापुर के तत्वावधान में चार दिवसीय योग शिविर सम्पन्न
शाजापुर। विवेकानंद स्मृति सेवा न्यास शाजापुर के तत्वाधान में स्थानीय वजीरपुरा स्थित तिलक मंदिर में आयोजित चार दिवसीय योग शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित कर किया गया।
यह योग शिविर आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोहरलाल सोनी के निर्देशन में आयोजित किया गया था। शिविर में श्री सोनी एवं उनकी शिष्या रानी गेहलोत द्वारा शिविरार्थियों को विभिन्न प्रकार के योगासनों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग कार्यवाह शैलेंद्र सोनी थे एवं अध्यक्षता चिकित्सक एवं सेवाभारती प्रमुख डाॅ. राजकुमार पाटीदार ने की। इस अवसर पर आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोहरलाल सोनी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जीवन में योग का महत्व बताते हुए कहा कि योग से शारीरिक स्वास्थ्य सुधार जैसे मांसपेशियों की मजबूती, लचीलेपन में वृद्धि, बेहतर मुद्रा, पुराने दर्द से राहत, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाना शामिल हैं। मानसिक और आध्यात्मिक स्तर पर यह तनाव और चिंता कम करता है, मन को शांत करता है, ध्यान और एकाग्रता बढ़ाता है, आंतरिक शांति प्रदान करता है और नींद की गुणवत्ता में सुधार करता है। यह समग्र जीवन की गुणवत्ता में सुधार करता है और आत्म-देखभाल को प्रोत्साहित करता है।
शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों ने आकर अपना स्वास्थ्य लाभ लिया। शुक्रवार को शिविर का समापन हुआ। समापन अवसर पर न्यास के अध्यक्ष हीरालाल कसेरा, सचिव विजय बीड़वाले एवं अन्य न्यासीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणपति का पूजन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत सचिव विजय बीड़वाले एवं ट्रस्ट के न्यासी हेमेंद्र व्यास द्वारा किया गया।
