मजदूर दिवस पर श्रमिकों को बताए उनके कानूनी अधिकार
शाजापुर, 01 मई 2025/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर के प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री आनंद कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में व सचिव श्रीमती नमिता बौरासी के मुख्य आतिथ्य में तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में आज 01 मई को नालसा योजना औद्योगिक क्षेत्र मक्सी स्थित फैक्ट्री रामकों इन्डस्ट्रीज में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती नमिता बौरासी ने कहा की मजदूरों की गरिमा के सम्मान के लिए हर वर्ष पूरी दुनिया में 01 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया जाता है, जिसे मई दिवस के रूप में भी पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज, देश, संस्था और उद्योगों में मजदूरों, कामगारों और कड़ी मेहनत करने वालों की अहम भूमिका होती है, यही वो लोग है जो किसी कम्पनी या फर्म को ऊंचाईओं पर ले जाते हैं इनके बिना हम किसी भी उद्योग या कम्पनी की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कारखाना अधिनियम, श्रमिकों के विरूद्ध अपराध प्रकोष्ठ आदि के बारे में भी जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा ने कहा कि अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य मजदूरों की उपलब्धियाँ का सम्मान करना उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना व बुलंद करना है। हमारे संविधान में मजदूर को सम्मानजनक काम और मजदूरी देने के साथ-साथ कानूनी संरक्षण भी दिया है और नालसा द्वारा चलाए जा रही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना की जानकारी दी। साथ ही उनके द्वारा गरीब और कमजोर वर्ग को प्राप्त कानूनी अधिकारों एवं उनके हितों की रक्षा के संबंध जानकारी दी एवं निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह प्राप्त करने की प्रक्रिया के साथ निःशुल्क हेल्प लाईन नंबर 15100 की जानकारी से अवगत कराया। इसी श्रंखला में श्रम निरीक्षक श्री आर.के. चौहान के द्वारा भवन एवं अन्य संनिर्माण, संगठित एवं असंगठित मजदूरों को उपलब्ध कानूनी सहायता निर्माण, श्रमिकों के लिए पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती शिखा शर्मा एवं आभार श्रम निरीक्षक आर. के चौहान ने माना।
