शाजापुर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा देररात किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का सीधा असर शाजापुर में भी देखने को मिला है। राज्य शासन ने प्रदेश के 11 जिलों के कलेक्टर बदलते हुए शाजापुर की प्रशासनिक कमान अब नए हाथों में सौंप दी है। शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक शाजापुर की वर्तमान कलेक्टर ऋजु बाफना का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब प्रमोट करते हुए उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त (राजस्व) की नई जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अब भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी परीक्षित संजय राव झाड़े शाजापुर के नए कलेक्टर होंगे। झाड़े इससे पहले इंदौर विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे जल्द ही जिले का कार्यभार ग्रहण कर यहां की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई दिशा देंगे।