शाजापुर। शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बी.के.एस.एन. शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत एक सकारात्मक पहल की। कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने ज्योति नगर वार्ड-26 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लिया और वहां पहुंचकर बच्चों को पौष्टिक आहार के साथ-साथ पढ़ाई की सामग्री बांटी। अभियान के संयोजक डॉ. बी.एल. मालवीय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 20 बच्चों को लाभान्वित किया गया। कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बच्चों को खाने के लिए बिस्किट और केले बांटे। इसके अलावा नौनिहालों में शिक्षा के प्रति रुचि जगाने के उद्देश्य से उन्हें पेन, कॉपी, स्लेट, चॉक और खिलौने भी वितरित किए गए। अचानक नई स्लेट और खिलौने पाकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस मौके पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रचना जादौन, संध्या सक्सेना, रेखा परमार और सहायिका दीपिका योगी, रेखा केसवाल व दुर्गाबाई उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आयोजन समिति की प्रो. प्रतिका परमार, प्रो. ज्योति, एनएसएस के स्वयंसेवक और मोहल्ले के रहवासी भी मौजूद थे।