शाजापुर। स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विविकं इंदौर की टीम ने शाजापुर में दस्तक दी और विभिन्न क्षे़त्रों में मीटर की जांच कर पंचनामा बनाया। बुधवार को शहर में बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली विभाग ने इंदौर की टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इंदौर से आई टीम ने स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे स्मार्ट मीटरों की जांच की। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर पर उपभोक्ता सीधे तार डालकर बिजली का इस्तेमाल करते मिले। वहीं जगह स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर उसकी रीडिंग बदलने का प्रयास किया गया। टीम ने मौके पर ही इन मामलों को पकड़ा और संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ पंचनामा बनाया। संबंधित उपभोक्ताओं पर नियमों के हिसाब से जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। इस अभियान से बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। सहायक यंत्री रामेश्वर प्रताप अहिरवार ने बताया कि इंदौर बिजली विभाग हर महीने ऐसे स्मार्ट मीटरों की पहचान करता है, जिनकी रीडिंग या बिजली खपत में गड़बड़ी की आशंका होती है। इसके बाद एक विशेष टीम उन इलाकों में पहुंचकर मीटरों की जांच करती है। इसी कड़ी में इंदौर से टीम शाजापुर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि स्थानीय और इंदौर की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान सीधे तार डालकर और स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं। सभी मामलों में पंचनामा बनाकर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि स्मार्ट मीटरों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिजली चोरी या मीटर से छेड़छाड़ करने वालों पर नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।