शाजापुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र झोंकर के नव निर्मित भवन का लोकार्पण सोमवार को क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य द्वारा किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य ने बताया कि नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन 6 बिस्तरीय है, जिसका निर्माण करीब 1.59 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आस-पास के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस दौरान अतिथियों ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
निर्माणाधीन सिविल हॉस्पिटल मक्सी का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य द्वारा मक्सी सिविल हॉस्पिटल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण के लिए ठेकेदार एवं इंजीनियर को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सुंदरगढ़ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्पित जैन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेंद्र सोनी, इंजीनियर सुनील बघेल एवं पूजा गुर्जर आदि उपस्थित थे।