शाजापुर। नगर में कुशवाह समाज द्वारा भगवान लव-कुश जन्मोत्सव और पारंपरिक भुजरिया पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर रविवार को चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया और पूरा क्षेत्र भगवान लव-कुश के जयकारों से गूंज उठा।
मातृशक्ति और युवाओं में दिखा भारी उत्साह
आयोजित चल समारोह में कुशवाह समाज के युवा साथियों, वरिष्ठजनों सहित माता-बहनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंगल गीत गाते हुए भुजरिया पर्व की रस्में निभाईं। वहीं, युवाओं का उत्साह और ढोल-नगाड़ों की थाप पर उनका नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर इस पर्व को सामाजिक समरसता और प्रेम के प्रतीक के रूप में मनाया।