शाजापुर। शहर में रक्षाबंधन के पर्व पर त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव गए परिवारों के सूने मकान अब चोरों के निशाने पर हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदर्श नवीन नगर में चोरों ने सहकारिता कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष के सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। सहकारिता कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष लखन कुम्भकार ने बताया कि रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए उनका पूरा परिवार 26 अगस्त को अपने ग्राम मदाना गया हुआ था। पीछे से घर पर कोई मौजूद नहीं था। शनिवार को जब परिवार वापस शहर लौटा, तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर पूरा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था, जिसके बाद पुलिस को तत्काल इस बड़ी चोरी की सूचना दी गई।
शादी की तैयारियों के लिए रखे थे 7 लाख नकद
पीडि़त कुम्भकार के अनुसार, उनके दो भांजों की नवंबर-दिसंबर में शादी होने वाली है। विवाह की तैयारियों और आवश्यक खर्चों के लिए घर में लगभग 7 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। चोरों ने इस नकदी के साथ-साथ घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरातों पर भी हाथ साफ कर दिया। चोरी गए कुल माल की कीमत 15 लाख रुपए के आसपास बताई जा रही है।
डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की गश्त पर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि शहर में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इसी हफ्ते 25 से 28 अगस्त के बीच कोतवाली क्षेत्र की ही द्वारकापुरी कॉलोनी में चोरी की तीन अन्य घटनाएं सामने आ चुकी हैं। त्योहारों के समय जब लोग अपने घरों पर ताला लगाकर बाहर जाते हैं, उस दौरान लगातार हो रही इन चोरियों से आम जनता में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।