– नई दिल्ली से जारी हुआ राष्ट्रपति पुरस्कार, कलेक्टर ने सम्मान से नवाजा
शाजापुर। 32 सालों तक होमगार्ड में लांस नायक के पद पर पदस्थ रहते हुए नगर के संतोष शुक्ला की सेवा को राष्ट्रपति ने सराहा है, जिन्होंने दिल्ली से उनकी सराहना करते हुए प्रमाण-पत्र और मैडल जारी किया, जिसे शनिवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
नवंबर 2025 में सेवानिवृत्ति के पूर्व श्री शुक्ला ने ड्यूटी खुद से ज्यादा ड्यूटी को महत्व दिया। जहां भी कोई आपदा आई अधिकारियों के निर्देश पर लांस नायक संतोष शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को राहत दिलाई। तो काल के गाल में समाए लोगों के शवों को निकालकर परिजनों तक पहुंचाने में भी शुक्ला ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई। संतोष शुक्ला के बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के किस्से दिल्ली तक भी पहुंचे। इस बार आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उनकी बहादुरी और कर्तव्य निष्ठा को सराहते हुए उन्हें यह पदक प्रदान किया। शनिवार को स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर ऋजू बाफना, विधायक अरूण भीमावद व एसपी प्रियंका शुक्ला ने श्री शुक्ला को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया। श्री शुक्ला की इस उपलब्धि समाज के अध्यक्ष अनिल नागर, बीएल मेहता, सर्व हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष पं. आशीष नागर, राजेंद्र व्यास, राजेश नागर (पत्रकार), दीपक निगम, दीपक माहेश्वरी, सचिन भट्ट, वरूण त्रिवेदी व परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्री शुक्ला को बधाई दी।
इसलिए मिला सम्मान
अधिकारियों के आदेशों के अलावा श्री शुक्ला ने आमजनों की मदद में भी खुद को आगे रखा। होमगार्ड में लांस नायक के पद पर पदस्थ श्री शुक्ला तैराक दल में शामिल थे। तैराकी में माहिर श्री शुक्ला ने कभी समय और परीस्थिति को आड़े नहीं आने दिया। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों, भूकंप ग्रस्त क्षेत्रों में संतोष शुक्ला ने कई बार खुद के जीवन को मुसीबत में डालते हुए शवों को निकालने और डूबते लोगों की जीवन रक्षा में अहम भूमिका निभाई। श्री शुक्ला की सेवाओं का मूल्यांकन होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट विक्रमसिंह मालवीय ने करते हुए उनकी बहादुरी को दिल्ली तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और राष्ट्रपति तक उनकी सेवा को पहुंचाया। जिसके चलते इस वर्ष श्री शुक्ला की सेवा को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
