– भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव में दिखा उत्साह
शाजापुर:सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा 30 अप्रैल से भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उत्सव के दूसरे दिन एक मई को वजीरपुरा स्थित तिलक मंदिर में ब्राह्मण समाज के बच्चों और मातृशक्ति ने सांस्कृतिक आयोजन में प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें बच्चों और मातृशक्ति ने जनजाग्रती संबंधी जागरूकता संदेश भी दिए। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के तहत आज शुक्रवार शाम को शहर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा वाहन रैली निकाली जाएगी। जो मां राज राजेश्वरी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए दुपाड़ारोड़ स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर पर समाप्त होगी। यहां पर भगवान परशुराम जी की महाआरती की जाएगी। इसके बाद शनिवार तीन मई को शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है। शोभायात्रा बालवीर हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर किला रोड, नई सड़क, मगरिया होते हुए पुनःबालवीर हनुमान मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा के पश्चात भगवान श्री परशुराम जी की महाआरती एवं ब्रह्मभोज का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में पंडित विष्णु राजोरिया परशुराम कल्याण बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। एवं पंडित हरिचरण तिवारी पूर्व विधायक राजगढ़ एवं पंकज पालीवाल नगर पालिका अध्यक्ष सारंगपुर विशेष अतिथि के तौर पर शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे।
